उत्तराखंड में डॉक्टर और मेडिकल फैकल्टी के लिए हुई 5 बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड में नेशनल डॉक्टर्स डे धूमधाम से मनाया गया. इस मौके पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर’ सम्मान समारोह आयोजित किया गया. जिसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने पूरे प्रदेश से चयनित 25 उत्कृष्ट डॉक्टरों को सम्मानित किया. साथ ही 5 बड़ी और अहम घोषणाएं भी की.

स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड सरकार इसी साल से ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर’ की तर्ज पर मेडिकल फैकल्टी के लिए 5 चरक अवार्ड और उत्कृष्ट डॉक्टर के लिए 5 सुश्रुत अवार्ड शुरू करेगी. जिसके लिए धनराशि का भी प्रावधान किया गया है.

प्रत्येक अवार्ड के लिए राज्य सरकार 1,00,000, 75,000 और 50,000 के साथ 25-25 हजार रुपए की धनराशि भी प्रदान करेगी. जिन डॉक्टर या मेडिकल फैकल्टी को यह अवार्ड मिलेगा, उनको ट्रांसफर के मामले में 2 साल की छूट भी दी जाएगी. साथ ही एक साल अध्ययन के लिए विदेश भेजने की व्यवस्था करने की घोषणा की गई.

मंत्री रावत ने कहा कि साल 2025 के आखिर तक सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सभी पदों में नियुक्ति हो जाएगी. साथ ही पदोन्नति को भी शत प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा. प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक अलग से काडर बनाया जाएगा. जबकि, पर्वतीय भत्ता 50 फीसदी किया जाएगा.

इस साल के आखिर तक सभी मेडिकल कॉलेज में मेडिकल फैकल्टी के लिए शत प्रतिशत आवास बनाने की घोषणा भी की. मंत्री रावत ने डॉक्टरों और मेडिकल फैकल्टी के ट्रांसफर के लिए अलग से ट्रांसफर नीति लाने की घोषणा भी की. जिसमें एक व्यक्ति-एक पद पर एक जगह 3 साल से ज्यादा नहीं रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *