हल्द्वानी के गोरापड़ाव इलाके में बंदूक के दम पर बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। मंडी चौकी क्षेत्र में स्थित एक ऑफिस में 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लाखों रुपए की नकदी समेत कीमती सामान लूट लिया और फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने ऑफिस में मौजूद लोगों को बंदूक के बल पर अपने कब्जे में लिया और करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने की दो चेन और 12 मोबाइल फोन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुट गई हैं। पुलिस ने शहर से बाहर जाने वाले रास्तों के साथ ही बॉर्डर इलाकों में भी चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है जिस ऑफिस में यह वारदात हुई है, वहां जुआ पार्टी चल रही थी। पुलिस अब इस एंगल से भी पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इतनी बड़ी संख्या में हथियारबंद बदमाशों के पहुंचने और लाखों की लूट से इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले को लेकर एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि फिलहाल 8 लाख, सोने की चेन और अंगूठी सहित 12 मोबाइल लूट की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि लुटेरे अपने साथ सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी ले गए, हालांकि ऑफिस के कुक्ज दूरी पर लगे कैमरे में पुलिस को लूटेरों की दो गाड़ियां जाती हुई नजर आ रही है। घटना के खुलासे के लिए 4 टीमें लगाई गई है। माना जा रहा है कि यह गैंग उत्तराखंड से बाहर का हो सकता है।
