धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ मेले की शुरुआत हो गई और मेले के पहले दिन ही एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. यहां ललतारौ पुल के पास बीच बाजार एक सड़क अचानक धंस गई और एक महिला यात्री गड्ढे में गिर गई. हादसे में महिला को हल्की चोटें भी आई. सड़क धंसने और महिला के अचानक गड्ढे में गिरने की यह घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं सड़क धंसने की घटना सामने आने के बाद प्रशासन की कांवड़ व कुंभ मेले की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह के वक्त हरिद्वार के बाजारों में लोगों की भारी भीड़ जमा ही. एक महिला यात्री भी अपने परिजनों के साथ हरिद्वार घूमने आई थी. जैसे ही महिला ललतारौ पुल के पास पहुंची, तभी एक होटल के सामने महिला का पैर पड़ते ही अचानक से सड़क में गड्ढा हो गया और अचानक से ही महिला मिट्टी समेत गड्ढे में गिर गई. हादसा इतना भयंकर था कि महिला आधी गड्ढे में समा गई. महिला के गड्ढे में गिरते ही मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया.
आनन फानन में महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों ने महिला को गड्ढे से बाहर निकाला. यह घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ तौर से दिखाई दे रहा है कि महिला हाथ में बैग लेकर अपर बाजार की तरफ आगे बढ़ रही है. अचानक से महिला का पैर पड़ते ही सड़क में बड़ा सा गड्ढा हो जाता है और देखते ही देखते महिला गड्ढे में गिरकर आधी समा जाती है.
बताया जा रहा है कि महिला यात्री को इस हादसे में हल्की फुल्की चोटें भी आई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहीं हादसे ने प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अभी तो कांवड़ मेले में करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार आएंगे और मेले के पहले ही इस तरह का हादसा तैयारियों की पोल खोल रहा है. धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़, कुंभ और अन्य कई बड़े स्नान पर्व होते हैं. शासन प्रशासन द्वारा कुंभ मेले की तैयारी भी जोरशोर से की जा रही हैं.लेकिन यदि इसी तरह सड़कें धंसती रहीं तो आमजन को जानमाल का नुकसान भी हो सकता है.
गौरतलब है कि हरिद्वार शहर में पिछले एक साल से नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है. सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों के गड्ढों को तो भर दिया गया, लेकिन लापरवाही के चलते खड़खड़ी क्षेत्र में पूर्व में सड़कें धंसने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. यहां तो केवल एक महिला की जान पर बन आई, लेकिन पूर्व में उत्तरी हरिद्वार में यात्रियों के वाहन तक धंस गए. एक महीना पहले हुई बारिश में पावन धाम रोड पर दो ट्रक और एक कार तक सड़क में धंस गई थी. वहां पर सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों बनाई गई थी और गुणवत्ता की कमी के चलते सड़क, पहली बारिश भी नहीं खेल पाई थी.
