कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में चर्चित गैंगरेप प्रकरण में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की. जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की. जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया. घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त देवभूमि” के संकल्प के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने गैंगरेप की घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए सभी पुलिस टीमों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. इसके बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया. सोमवार देर रात कोतवाली रुद्रपुर पुलिस चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने उनका पीछा कर घेराबंदी की.
पुलिस का कहना है कि घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
