शहर के श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो मासूम बहनों को कुचल दिया. दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई. दुर्घटना के बाद चालक कार समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर उसकी तलाश तेज कर दी है. वहीं सुमननगर में रात को एक ट्रक नदी की सुरक्षा दीवार से टकरा गया. केबिन में फंसकर चालक की मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार, चंडीघाट बस्ती निवासी राजकिशोर की पांच साल की बेटी अनिता और तीन साल की सरिता गुरुवार सुबह अपने घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थीं. इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी. कार की रफ्तार तेज होने के कारण कार चालक नियंत्रण खो दिया और दोनों बच्चियों को टक्कर मार दी.
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. आसपास के लोग तत्काल दौड़कर पहुंचे और लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस दौरान गंभीर रूप से घायल तीन साल की बच्ची सरिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. अनिता को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वो कार को दौड़ाकर फरार हो गया.
पांच साल की बच्ची अभी अस्पताल में भर्ती है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. मासूम बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद माता पिता और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि बच्ची के माता पिता मजदूरी करते हैं और हादसे के बाद बस्ती में शोक का माहौल है.
श्यामपुर सीओ अवनी तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में एक तीन साल की बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार कार और उसके चालक की पहचान की जा सके. अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
