नैनीताल जिले के धारी और भीमताल ब्लॉक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने दो विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. हेड़िया गांव के स्कूल में तीन दिनों से शिक्षकों की अनुपस्थिति मिलने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी. वहीं पदमपुरी इंटर कॉलेज में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली, जहां सीडीओ ने कक्षा 12 के छात्रों की क्लास भी ली. मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
नैनीताल जिले में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने बीते दिन धारी और भीमताल ब्लॉक के विद्यालयों के औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान भीमताल ब्लॉक के हेड़िया गांव स्थित विद्यालय में गंभीर लापरवाही सामने आई. विद्यालय में कुल 13 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों से एक भी शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा था.
दोनों नियमित शिक्षक अवकाश पर थे और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत भेजे गए शिक्षक हरीश चन्द्र पाठक भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए. सीडीओ ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र जंगली जानवरों के आतंक से प्रभावित है और ऐसे में बच्चों को बिना निगरानी के छोड़ना उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ है.
उन्होंने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करते हुए पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भेज दी. जिसके बाद मुख्य विकास अधिकारी धारी ब्लॉक के संत सोमवारी महाराज राजकीय इंटर कॉलेज, पदमपुरी पहुंचे. यहां विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिली. स्कूल में कुल 306 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए. सीडीओ ने विद्यालय में कक्षा 12 के छात्रों की क्लास भी ली.
उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मेहनत, अनुशासन और बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने की सीख दी. साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए. मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति और बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे.
