पहाड़ों की रानी मसूरी के लिए पर्यटन सीजन और चारधाम यात्रा के लिए बड़ी राहत मिली है. क्योंकि मसूरी रोड पर शिव मंदिर के पास एक और बेली ब्रिज बन गया है. पहले यहां पर एक ही बेली ब्रिज था, जिससे एक बार में एक ही तरफ से वाहन जा सकते हैं, इस वजह से यहां अक्सर जाम लगता था. हालांकि अब दूसरा बेली ब्रिज बनने से स्थिति पहले से अच्छी हो गई है.
दरअसल, बीते साल 2025 में सितंबर के महीने में देहरादून में भयकर बारिश हुई थी. राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में बारिश ने जमकर कहर बरपाया था. 15 और 16 सितंबर की इसी बारिश में शिव मंदिर के पास मौजूद पुराना ब्रिज टूट गया था, जिस कारण मसूरी और देहरादून के बीच आवाजाही भी प्रभावित हुई थी. तब लोक निर्माण विभाग ने वहां पर बेली ब्रिज बनाया था, तब से मसूरी का पूरा ट्रैफिक इसी सिंगल बेली ब्रिज पर चल रहा था, जिस कारण यहां अक्सर जाम लगा रहता था.
स्थानीय लोग बताते हैं कि वीकेंड पर हालात और भी खराब हो जाते थे. लोगों को घंटों-घंटों जाम के बीच फंसा रहना पड़ता था. हालांकि अब इस जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा. क्योंकि उसी जगह पर दूसरा बेली ब्रिज चालू हो गया है, जिससे जाम को समस्या भी खत्म हो गई.
