दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और उत्तराखंड नार्कोटिक्स टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए 500 ग्राम अफीम बरामद की है. यह पार्सल उत्तराखंड के किच्छा से कनाडा भेजा जा रहा था. मामले में एक लड़की और एक युवक से पूछताछ जारी है.
दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम विभाग और उत्तराखंड नार्कोटिक्स विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. संयुक्त कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कनाडा भेजे जा रहे एक पार्सल से लगभग 500 ग्राम अफीम बरामद की है. यह पार्सल उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र से कोरियर किया गया था, जिसे जांच के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर रोक लिया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किच्छा स्थित एक कोरियर सेंटर से करीब एक सप्ताह पहले यह पार्सल कनाडा के लिए भेजा गया था. शुरुआती जांच में पार्सल सामान्य प्रतीत हुआ, लेकिन एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग द्वारा की गई गहन जांच में इसमें संदिग्ध सामग्री होने की आशंका हुई. इसके बाद जब पार्सल को खोला गया, तो उसमें छिपाकर रखी गई अफीम बरामद हुई.
बरामदगी के बाद कस्टम विभाग ने पार्सल को उत्तराखंड नार्कोटिक्स विभाग की टीम को सौंप दिया. इसके बाद नार्कोटिक्स टीम पार्सल लेकर किच्छा पहुंची और मिगलानी इंटरप्राइजेज कोरियर सेंटर में जांच शुरू की. टीम ने पार्सल भेजने वाली लड़की को सूचना दी कि उसका पार्सल वापस आ गया है और उसे लेने के लिए बुलाया गया.
सूचना मिलने पर संबंधित लड़की पार्सल लेने कोरियर सेंटर पहुंची, जहां पहले से ही नार्कोटिक्स विभाग और किच्छा पुलिस की टीम मौजूद थी. मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई. इसके साथ ही, सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई, जिसमें एक लड़की और एक युवक पार्सल जमा करते हुए दिखाई दिए.
