ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि आरोपी युवक ने नाबालिग के साथ सोशल मीडिया पर नाम बदलकर दोस्ती की, फिर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए. इतना ही नहीं धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाया. वहीं, अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
दरअसल, ज्वालापुर कोतवाली निवासी एक शख्स ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उनकी बेटी 15 साल की है, जो कि नाबालिग है. उनकी बेटी क्षेत्र के ही एक विद्यालय में कक्षा 10वीं में पढ़ती है. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की दो साल पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक के साथ दोस्ती हुई. पिछले 2 साल से किसी मोनू शेख समीर (उम्र लगभग 21 वर्ष) को इंस्टाग्राम के माध्यम से मोनू के नाम से ही जानती थी.
आरोप है कि इंस्टाग्राम पर आरोपी ने उनकी बेटी को बताया कि वो हिंदू है. झूठ बोलकर आरोपी, उनकी बेटी से बातचीत करने लगा. इसी बीच उसने बेटी से दोस्ती बढ़ाई और बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया. आरोपी मोनू उनकी बेटी को कई बार घर और स्कूल से अपनी सफेद रंग की गाड़ी में ले गया. आरोप है कि इस बीच उसने प्यार और शादी का झांसा देकर जटवाड़ा पुल, नहर पटरी पर गाड़ी के अंदर ही बेटी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.
उन्होंने बताया कि अभी कुछ समय पहले ही उसके समुदाय विशेष के होने के बारे में उनकी बेटी को जानकारी मिली. जब बेटी ने सच छिपाने के बारे में पूछा तो आरोपी का कहना था कि अगर ऐसा होता तो वो बात तक नहीं करती. इसके बाद बेटी ने घर में सारी आपबीती बताई. आरोपी मोनू ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर उनकी बेटी को भ्रमित कर धोखे में रखा.
शख्स ने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी मोनू ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दवाब बनाया. लगातार मानसिक दवाब एवं प्रलोभन दिए जाने के कारण उनकी बेटी धर्म परिवर्तन के लिए भी तैयार हो रही है. यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है. आरोपी ने उनकी बेटी का शारीरिक व मानसिक शोषण किया है. धोखाधड़ी कर उसकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है. इसलिए मोनू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की जाए.
