थाना ऋषिकेश के क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार शाम आईजी अनंत कुमार ताकवाले की कार हादसे का शिकार हो गई. सात मोड़ के पास आईजी की सरकारी गाड़ी को सामने से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी. कार की टक्कर से आईजी की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई.
गाड़ी की टक्कर लगने से गनीमत रही कि हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ. पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गाड़ी चालक को हिरासत में लिया तो गाड़ी चालक ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि नींद के कारण झपकी आ गई थी. जानकारी के अनुसार मंगलवार को नरेंद्रनगर में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रशिक्षु उपाधीक्षकों का दीक्षांत समारोह था.
समारोह में शामिल होने के लिए पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले भी पहुंचे थे. वापस देहरादून लौटते समय सात मोड़ के पास आईजी की कार को विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य कार ने टक्कर मार दी. इससे आईजी की कार क्षतिग्रस्त हो गई. आईजी की कार दुर्घटनाग्रस्त होते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. लोग कार सवार लोगों का हाल जानने दौड़ पड़े. इसी दौरान आईजी के गनर द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही थाना ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि गाड़ी की टक्कर लगने से आईजी समेत किसी को चोट नहीं आई.
