अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं. हादसे के दौरान दो लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं, जबकि पिकअप के अंदर फंसे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क की हालत बेहद खराब है. इसी दौरान सामने से आ रही एक बस को पास देने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे खाई में समा गई. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए देवायल सल्ट भेजा.
गंभीर रूप से पांच घायल लोगों में वाहन चालक साकम सिंह (35 वर्ष) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी केलाखेड़ा उधमसिंहनगर, सुभाष (19 वर्ष) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर और विजेंद्र सिंह (36 वर्ष) निवासी जिला बिजनौर शामिल हैं. सभी घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर करते हुए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने सड़क की हालत सुधारने की मांग तेज कर दी है. फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और घायलों का रेफर कर उपचार के लिए भेजा गया है. यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में खराब सड़कों और संकरे मार्गों की गंभीर समस्या को उजागर करता है.
