उत्तराखंड राज्य में विश्व मधुमेह दिवस पर टाइप 1 डायबिटीज प्रबंधन के लिए पहली बार राज्य स्तरीय गाइडलाइन जारी की गई है. उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग ने इस कदम को टाइप 1 डायबिटीज से प्रभावित लोगों के लिए व्यवस्थित, वैज्ञानिक और मानवीय स्वास्थ्य प्रणाली स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर बताया है.
शुक्रवार को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल हुए. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि टाइप वन डायबिटीज मुख्य रूप से बच्चों और युवाओं में पाई जाती है और उपचार में थोड़ी सी भी देरी या कमी जीवन को खतरे में डाल सकती है. विशेषज्ञ ने बताया कि राज्य की चुनौती पूर्ण पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए एक मानकीकृत, सुचारू और समग्र मॉडल की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी, लेकिन अब यह आवश्यकता भी पूरी हो गई है.
उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव डॉक्टर आर राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने देश के सबसे संवदनशील और प्रभावी डायबिटीज देखभाल मॉडल गुब्बारा क्लीनिक स्थापित किया है. यह मॉडल टाइप वन डायबिटीज से प्रभावित लोगों को एक ही छत के नीचे हर जरूरी सेवा उपलब्ध करा रहा है. इसमें नियमित इंसुलिन थेरेपी, शुगर मॉनिटरिंग, निर्धारित अंतराल पर मेडिकल चेकअप, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है.
उन्होंने बताया कि टाइप वन डायबिटीज से प्रभावित 200 लोगों को चिन्हित करके नामांकित किया गया है. सरकार का लक्ष्य 2026 से लेकर 2027 तक राज्य में मधुमेह से प्रभावित 1120 लोगों तक इस कार्यक्रम की सेवाएं पहुंचाने का है. देहरादून, हरिद्वार बागेश्वर और उधम सिंह नगर समेत कई जिलों में गुब्बारा क्लिनिक संचालित किए जा रहे हैं. इससे लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है.
इसके उपचार रोकथाम और परामर्श को एकीकृत करके जारी की गई राज्य गाइडलाइन ने टाइप वन डायबिटीज प्रबंधन को एक पेशेवर सरल और समान रूप से लागू होने वाली प्रणाली में बदल दिया है. उन्होंने कहा कि टाइप वन डायबिटीज जैसे जटिल विषय को लेकर राज्य ने जो समग्र मॉडल अपनाया है, वह पूरे देश के लिए एक उदाहरण बनेगा. उन्होंने कहा कि हम सर्वेक्षण, प्रशिक्षण ,उपचार और परिवार समर्थन तंत्र को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य परिणाम में महत्वपूर्ण सुधार लाने के लिए संकल्पबद्ध हैं.