उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी है. राज्य में जल्द ही नौकरियों को बहार आने वाली है. शिक्षक दिवस के दिन राज्य के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने जो घोषणा की थी, वो पूरी होने जा रही है. जल्द ही उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर भर्तियां शुरू होने जा रही हैं. फिलहाल चतुर्थ श्रेणी के पदों को भरा जाएगा. शिक्षा मंत्री ने 9500 पदों पर भर्तियां करने की घोषणा की थी.
विद्यालयी शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों और विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े 2,364 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों को जल्द भरा जाएगा. इन सभी पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जाएगा, जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. कार्मिकों की जल्द तैनाती के लिए शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है.
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का जो बयान जारी हुआ है, उसमें बताया गया है कि राज्य सरकार शिक्षा विभाग में बुनियादी ढांचे के साथ ही मानव संसाधन उपलब्ध कराने में जुटी हुई है. इसी कड़ी में राज्य सरकार ने विभाग के अलग-अलग कार्यालयों और विद्यालयों में सृजित चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के खाली पदों (मृत संवर्ग) को आउटसोर्स के पदों में परिवर्तित करने की मंजूरी दे दी है. इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है.
धन सिंह रावत के अनुसार महानिदेशालय कार्यालय, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा, प्राथमिक शिक्षा और अकादमिक शोध समेत एससीईआरटी, बोर्ड कार्यालय रामनगर मंडलीय, अपर गढ़वाल और कुमाऊं के प्राथमिक और माध्यमिक मंडलीय अपर निदेशक कार्यालय, सभी डायट, मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी व बेसिक कार्यालय में कुल 334 फोर्थ क्लास के पदों को आउटसोर्स में परिवर्तित कर दिया गया है.
