उत्तराखंड के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन किया गया है। सरकार ने पुरस्कार वितरण करने के लिए 4 सितंबर का दिन चुना है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए इस साल प्रदेश भर से कुल मिलाकर 13 महिलाओं का चयन किया गया है। इसके अलावा 33 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का पुरस्कार दिया जाएगा। यह आयोजन चार सितंबर को आईआरडीटी के सभागार में किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपने सामर्थ्य से बढ़कर काम कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कई नए आयाम खड़े किए हैं। मंत्री ने कहा कि इन सभी महिलाओं को सशक्त करना सरकार की जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का असली काम हमारी आंगनबाड़ी बहनें करती हैं और उन्हें इसका श्रेय मिलना चाहिए।