नाबालिग बच्ची की मौत का मामला गरमाता जा रहा है. जहां मामले को लेकर लोगों ने हंगामा किया तो वहीं एसएसपी अजय सिंह ने बच्ची के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. इसके अलावा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी पुलिस एक्शन की तैयारी में है.
बता दें कि बीती 5 जुलाई को डोईवाला के कुड़कावाला में स्थित क्रशर में एक नाबालिग बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने हंगामा कर दिया था. साथ ही सड़क पर भी जाम लगाया. आज देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने कोरोनेशन अस्पताल जाकर बच्ची के परिजनों और परिचितों से मुलाकात की.
वहीं, एसएससी अजय सिंह ने परिजनों को विश्वास दिलाया कि घटना की निष्पक्षता से विवेचना कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. परिजनों की तहरीर पर डोईवाला कोतवाली में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है.
पूरे घटना की बारीकी से जांच के लिए ऋषिकेश एसपी के पर्यवेक्षण और सीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है. जिसमें स्थानीय पुलिस के साथ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और फील्ड यूनिट प्रभारियों को रखा गया है. जो सभी पहलुओं की जांच कर सबूत जुटाएंगे.
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मामले का संज्ञान लिया है. बीती रोज जहां उन्होंने डोईवाला एसओ से फोन पर घटना में गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा. साथ ही सभी संदिग्धों को कार्रवाई के घेरे में लेने के निर्देश दिए तो वहीं आज उन्होंने घटनास्थल और डोईवाला थाने पहुंचकर जानकारी ली.
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी से फोन पर वार्ता करते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने कहा कि किसी भी बच्ची या किशोरी को इस प्रकार से बंधक बनाना भी गंभीर विषय है. कहीं इसमें कोई अन्य साजिश न हो, इसलिए गंभीरता से गहन जांच होनी चाहिए. सभी तथ्यों व सबूतों के आधार पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए.
