हरिद्वार के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक युवक को खंभे से बांधकर लाठी डंडों से पीटा गया. युवक को पीटने का वीडियो भी सामने आया है. जिसके बाद युवक के परिजनों ने मारपीट करने वालों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, घटना लक्सर के भिक्कमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव की है. उत्तर प्रदेश के एक गांव निवासी युवक का प्रेम प्रसंग भिक्कमपुर क्षेत्र की एक युवती से चल रहा था. दोनों के बीच फोन पर बातचीत के अलावा कई बार मुलाकातें भी होती रही. बताया जा रहा है कि युवक अक्सर युवती से मिलने उसके गांव आता था. इसी बीच गांववालों को उनके प्रेम प्रसंग के बारे में जानकारी हुई.
बीती 16 जून को युवक एक बार फिर प्रेमिका से मिलने उसके गांव पहुंचा. जहां युवती के गांव वालों को जानकारी मिली. इसके बाद गांव वालों ने युवक को पकड़ लिया और एक खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा. युवक चीखता-चिल्लाता रहा और गांव वालों से उसे छोड़ने की विनती करता रहा. इस बीच युवक का वीडियो भी बनाया गया.
इसके बाद युवक ने फिर दोबारा गांव न आने की बात कही, जिसके बाद गांव वालों ने युवक को छोड़ा. हालांकि, बताया जा रहा है कि घटना के बाद युवक और युवती ने कोर्ट में शादी कर ली. वहीं, अब 24 जून को युवक के परिजन भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे और तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. वहीं अब युवक को पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है.