उधम सिंह नगर के गूलरभोज नदी में डूबे सेना के जवान के डेड बॉडी को बरामद कर लिया गया है. आज सुबह एसडीआरएफ की टीम कड़ी मशक्कत के बाद नदी से निकाल लिया. फिलहाल, डेड बॉडी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, बीती 22 जून को पुलिस को एक सूचना मिली थी कि बाजपुर क्षेत्र के गूलरभोज नदी में सेना में तैनात एक जवान डूब गया था. यह सूचना मिलते ही एसडीआरएफ यानी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के जवान तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जहां रेस्क्यू अभियान को चलाया गया, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव होने की वजह से डूबे जवान का कुछ पता नहीं चल पाया. ऐसे में रेस्क्यू रोकना पड़ा.
आज सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया गया. जिसमें टीम को सफलता मिली और डूबे जवान का शव बरामद कर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया. गूलरभोज नदी में डूबे जवान की पहचान हिमांशु मिश्रा निवासी बेंगलुरु के रूप में हुई.हिमांशु भारतीय सेना की आर्मी सप्लाई कोर में तैनात थे. जो वर्तमान में हल्द्वानी में सेवा दे रहे थे. कुछ समय पहले ही उनका ट्रांसफर हल्द्वानी हुआ था.
बता दें कि उत्तराखंड में लगातार बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर हैं. प्रशासन लगातार नदियों में नहाने और राफ्टिंग करने वालों से सावधानी बरतने की अपील कर रहा है. इस तरह के हादसे कई बार पहले भी हो चुके हैं, जिसमें कई लोग जान गंवा चुके हैं. अब बरसात का मौसम शुरू हो चुका है. ऐसे में गदेरे, नदी, नालों या तालाब-पोखरो में नहाने से बचें.
