हरिद्वार के ट्रैवल्स और होटल व्यवसायियों ने की चारधाम यात्रा से रजिस्ट्रेशन हटाने की मांग

30 अप्रैल से उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू हो रही है. इसमें आने वाले यात्रियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को लेकर हरिद्वार के होटल और ट्रैवल्स व्यवसाइयों में असमंजस है. दरअसल आज गुरुवार से उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं. होटल और ट्रैवल व्यवसायी रजिस्ट्रेशन को अपने व्यापार में बाधा मानते हैं.

व्यवसाइयों को प्रदेश सरकार द्वारा यात्रा में आने वाले यात्रियों के लिए आवश्यक रूप से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए जाने और पिछले वर्ष यात्रा बार बार बाधित होने के अनुभव के कारण इस बार भी यात्रा और अपने व्यवसाय को लेकर चिंता होने लगी है. इसको लेकर हरिद्वार के ट्रैवल्स और होटल व्यवसाइयों ने बैठक कर सरकार से मांग की है.

वहीं अखिलेश सिंह, होटल व्यापारी, हरिद्वार ने कहा कि जिस प्रकार पिछले वर्ष चारधाम यात्रा को बार बार रोका गया, उस कारण चारधाम यात्रा आने वाले यात्री कहीं और चले गए. इससे होटल और ट्रैवल्स व्यापारियों को खासा नुकसान झेलना पड़ा था. कहीं से भी यह सूचना नहीं मिली थी कि पिछले वर्ष आने वाले यात्रियों को रहने, खाने की कोई परेशानी हुई हो. उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन के कारण अब तक कोई खास बुकिंग हमें होटल के लिए प्राप्त नहीं हुई है. वहीं जो रजिस्ट्रेशन शुरू किए गए थे, उन्हें अब बंद करना चाहिए, जिससे यात्रा सरल व सुगम हो और आसानी से चारधाम यात्रा की जा सके. इसी के साथ उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह हरिद्वार व अन्य क्षेत्रों के चारधाम यात्रा से जुड़े व्यापारियों से वार्तालाप करे. जो बेहतर व्यवस्था यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को दी जा सके, वह दी जाए.

एक जानकारी के अनुसार हरिद्वार में 151 के करीब होटल रजिस्टर्ड हैं. हालांकि 600 से अधिक होटल बिना रजिस्ट्रेशन के हरिद्वार में चल रहे हैं. वहीं अगर ट्रैवल रजिस्ट्रेशन की बात की जाए तो सारे 350 के करीब ट्रैवल्स हरिद्वार में रजिस्टर्ड हैं. वहीं पिछली बार चारधाम यात्रा की बात अगर हरिद्वार से की जाए तो 1 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हरिद्वार में चारधाम यात्रा को लेकर किए गए थे. चारधाम यात्रा पर हरिद्वार से 1000 से अधिक परिवार डिपेंड करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *