मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जिला अधिकारियों को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी जांच की जाए. राज्य में भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की जांच भी की जाए. इसके साथ ही इस अभियान में तेजी लाते हुए तत्काल सुनवाई की जाए और भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जे को हटाने के भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा वक्फ संपत्तियों का ब्यौरा, उम्मीद पोर्टल पर दर्ज किए जाने की नियमित समीक्षा हो. साथ ही इस ब्योरे की भी नियमित जांच की जाए. अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच भी की जाए और आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों को चिन्हित भी किया जाए. जनसेवा केंद्रों की जांच एवं अवैध राशन कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों को चिन्हित करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए. सीएम ने संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने के भी निर्देश दिए.
आगामी मानसून को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा हर जिले में मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं. आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने, ग्रीष्मकालीन समय को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी पानी की समस्या या तकनीकी दिक्कत हो, उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक ऊर्जा कटौती किसी भी स्थिति में न हो और अगर किसी वजह से बिजली कटौती करना जरूरी हो, तो इसकी सूचना स्थानीय स्तर पर समय रहते आम जनता तक पहुंचाई जाए.
जिससे लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग की जाए. उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर आने वाले श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक भी लिया जाए और प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में भी सुधार किया जाए. सीएम ने चारधाम यात्रा रूट पर पीने के पानी की समुचित उपलब्धता बनाए रखने तथा ट्रैफिक की प्रभावी कार्ययोजना के भी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए.
