उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के एफडीए में बनकर तैयार फूड टेस्टिंग लैब का अभी तक लोकार्पण नहीं हो पाया है. एफडीए के तीसरे फ्लोर पर करीब 17 करोड़ की लगत से बनकर तैयार फूड टेस्टिंग लैब का आज दोपहर 3 बजे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के हाथों शुभारंभ होना था, लेकिन 4 घंटे के लंबे इंतजार के बाद भी खाद्य संरक्षण विभाग की लैब का लोकार्पण नहीं हो पाया. जबकि, इस लैब के उद्घाटन के लिए पहले भी विभाग की ओर से दो-तीन बार प्रयास किए जा चुके हैं. ऐसे में आखिरकार 8 जून का समय निर्धारित किया गया, जब लैब का उद्घाटन होना था.
दरअसल, लंबे जद्दोजहद के बाद खाद्य पदार्थों के सैंपल की टेस्टिंग के लिए देहरादून के खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FDA) के मुख्यालय में लैब तैयार की गई. केंद्र सरकार से अनुमति के साथ ही सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद लैब को तैयार किया गया है. इस लैब का 8 जून को लोकार्पण किया जाना था. जिसके लिए विभागीय अधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री से समय लिया और लोकार्पण की सभी तैयारियां पूरी की गई.
स्वास्थ्य मंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद तय समय सीमा से पहले सभी तैयारियां को अंतिम रूप दे दिया गया, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की बैठकों की व्यवस्था के चलते करीब चार घंटे का इंतजार करने के बाद भी विभागीय अधिकारियों की लैब के लोकार्पण की मुराद पूरी नहीं हो सकी. जिससे लोकार्पण की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गईं.
