उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को ज्योर्तिमठ क्षेत्र के किमाना गांव में हुए भारी भूस्खलन से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। भूस्खलन के चलते कई घरों में मलबा घुस गया, जबकि गांव स्थित मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, भूस्खलन की चपेट में आने से मंदिर की भोग मंडी और सुरक्षा दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पहाड़ी से तेज़ी से आए मलबे और पत्थरों के कारण कई मकानों को नुकसान पहुंचा, जिससे ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी भूस्खलन का सिलसिला जारी है। लगातार गिर रहे मलबे और चट्टानों के कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों, पहाड़ी ढलानों और संवेदनशील स्थानों के आसपास जाने से बचें तथा केवल सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल तैनात करने की तैयारी की गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।
