उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के तीन जिलों टिहरी, उधम सिंह नगर और चंपावत जिले में निकाय चुनाव संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है. जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर, नगर पंचायत गढ़ीनेगी और नगर पंचायत पाटी पर अध्यक्ष पद और उनके सदस्यों के लिए चुनाव होना है. ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव संबंधित अधिसूचना जारी होने के साथ ही इन सभी निकायों में मतगणना समाप्ति तक के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.
उत्तराखंड राज्य में जुलाई 2025 में निकाय चुनाव हुए थे. लेकिन उस दौरान टिहरी जिले के नगर पालिका परिषद, नरेंद्र नगर का आरक्षण और परिसीमन की जानकारी शहरी विकास विभाग से प्राप्त न हो पाने के कारण चुनाव नहीं हो पाया था. ऐसे में अब राज्य निर्वाचन आयोग को नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर का आरक्षण और परिसीमन की जानकारी प्राप्त हो गई है. इसके दृष्टिगत नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर के अध्यक्ष और 7 सदस्यों के पदों पर चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है. नगर पालिका परिषद, नरेंद्र नगर के अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है.

इसके अलावा, उधम सिंह नगर जिले के गढ़ीनेगी क्षेत्र को हाल ही में नगर पंचायत घोषित किया गया है. ऐसे में नगर पंचायत, गढ़ीनेगी में पहली बार निकाय चुनाव होने जा रहा है. ऐसे में गढ़ीनेगी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद और 7 सदस्यों के पदों पर चुनाव होने हैं. गढ़ीनेगी, नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को अनारक्षित रखा गया है.
इसी तरह, चंपावत जिले के पाटी क्षेत्र को हाल ही में नगर पंचायत घोषित किया गया है. ऐसे में नगर पंचायत, पाटी में पहली बार निकाय चुनाव होने जा रहा है. जिसकी अधिसूचना जारी हो गई है. जारी अधिसूचना के अनुसार, पाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद और 4 सदस्यों के पदों पर चुनाव होने हैं. पाटी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है.
उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव संबंधित अधिसूचना जारी होने के बाद कल यानी 26 मई को जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सूचना जारी की जाएगी. जारी अधिसूचना के अनुसार, नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद, गढ़ीनेगी नगर पंचायत और पाटी नगर पंचायत में कुल वार्डों की संख्या 18 है. जिसके लिए कुल 19 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इन तीनों निकायों में कुल 10 हजार 251 मतदाता हैं. जिसमें 5405 पुरुष मतदाता और 4846 महिला मतदाता शामिल हैं.
नगर पालिका परिषद, नरेंद्र नगर में कुल वार्डों की संख्या 7 है. जिसके सापेक्ष 8 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इस नगर पालिका परिषद में कुल 3596 मतदाता है. जिसमें 1973 पुरुष और 1623 महिला मतदाता शामिल है.
नगर पंचायत, गढ़ीनेगी में कुल वार्डों की संख्या 7 है. जिसके सापेक्ष 7 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इस नगर पंचायत में कुल 4671 मतदाता है जिसमें 2378 पुरुष और 2293 महिला मतदाता शामिल हैं.
नगर पंचायत, पाटी में कुल वार्डों की संख्या 4 है. जिसके सापेक्ष 4 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इस नगर पंचायत में कुल 1984 मतदाता है जिसमें 1054 पुरुष और 930 महिला मतदाता शामिल है.
खर्च सीमा तय: निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के चुनावी खर्च की सीमा भी तय कर दी गई है. जिसके तहत नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए व्यय सीमा 6 लाख रुपए, नगर पालिका परिषद के सदस्य पद के लिए व्यय सीमा 80 हजार रुपए, नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए व्यय सीमा तीन लाख रुपए और नगर पंचायत के सदस्य पद के लिए व्यय सीमा 50 हजार रुपए रखी गई है.
अध्यक्षों और सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी:
- 27 और 29 मई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को प्राप्त करने की तिथि रखी गई है.
- 30 मई को नामांकन पत्र की जांच सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक चलेगी.
- 31 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापसी की तिथि रखी गई है.
- एक जून को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा.
- 9 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान की प्रक्रिया होगी.
- 11 जून को सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक मतगणना होगी.
