शहर में बाइकों में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर घूमने वाले लोगों को पुलिस ने कड़ा संदेश दिया. तमाम बाइकों से जब्त किए गए तमाम साइलेंसरो पर बुलडोजर चढ़ाकर उन्हें नष्ट किया गया. हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश देने के लिए ये कार्रवाई की गई. इसके अलावा एसएसपी नवनीत सिंह ने ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिस मुख्यालय से मिली 7 बुलेट बाइकों को हरी झंडी दिखाकर भी रवाना किया. सड़क सुरक्षा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एसएसपी ने कई आम लोगों को हेलमेट बांटे और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया.
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को नए वाहन मिलने से ट्रैफिक कंट्रोल और बेहतर होगा. वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा सीजन के साथ साथ आगामी कांवड़ मेले की भी तैयारी अभी से की जा रही है और यातायात के नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है. एसएसपी हरिद्वार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा कार्यक्रम के अन्तर्गत नेशनल हाइवे के शंकराचार्य चौराहे पर अन्य पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें सड़क पर चल रहे बिना हेलमेट के लोगों को सड़क दुघर्टना के बारे में जानकारी देते हुए उन्हे जागरूक किया गया.
साथ ही हेलमेट पहनाकर भविष्य में बिना हेलमेट के वाहन न चलाने की हिदायत दी गई. यातायात नियमों के उल्लंघन में हरिद्वार पुलिस द्वारा जब्त किये गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हार्न का नियमानुसार नष्ट करते हुए आम जन की यह संदेश भी दिया गया कि वह रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हार्न का प्रयोग न करें. हरिद्वार पुलिस द्वारा भविष्य में भी लगातार इस पर कार्रवाई की जाती रहेगी. पुलिस मुख्यालय से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने हेतु आवंटित 07 मॉडिफाइट मोटर साइकिल को हरी झंड़ी देकर यातायात के लिए रवाना किया जिससे किसी भी सूचना पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सके.
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि वर्तमान में चारधाम यात्रा सीजन चरम सीमा पर चल रही है. वीकेंड पर भी बड़ी संख्या में लोग वाहन लेकर हरिद्वार आ रहे हैं. यात्रियों के साथ साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए लोगों को यातायात के जागरूक किया जा रहा है. आगामी कांवड़ मेले की भी अभी से ही तैयारी की जा रही है. आमजन से अपील है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं, जिससे कि आप सकुशल अपने गंतव्य को पहुंच सके.
