देहरादून-मसूरी मार्ग पर आज बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को खाई से बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे मसूरी झील से करीब 200 मीटर आगे देहरादून की ओर एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया. सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस फायर सर्विस, 108 एंबुलेंस और उप जिला चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची. परन्तु गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही दिक्कत को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया. जिसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कर घायल और मृतक को खाई से निकाल कर अस्पताल भेजा गया.
पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या यूके 07-सीबी-1727 रेलवे स्टेशन देहरादून से कोल्ड ड्रिंक, तेल और अन्य राशन सामग्री लेकर उत्तरकाशी जा रहा था. इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में ट्रक चालक मुबारिक पुत्र इलियास अली निवासी टिमली, थाना सहसपुर, देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई. हेल्पर साजिद पुत्र रहमत गंभीर रूप से घायल हो गया. रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला. घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.