उधम सिंह नगर जिले से दो बड़ी खबरें सामने आई है. दोनों मामलों में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पहला मामला खटीमा थाना क्षेत्र का है, जहां वनगवां में एक युवक का शव खेत में मिला है. वहीं दूसरा मामला दिनेशपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 27 साल के युवक की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
पहला मामला खटीमा क्षेत्र का है. यहां 23 साल के हीरा सिंह का शव खेतों में मिला है. युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंचे. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. इसके बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए. साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
हीरा सिंह का शव घर से करीब 100 मीटर दूर ही मिला है. परिजनों ने बताया कि बीती रात हीरा सिंह घर से खाना खा कर किसी से मिलने गया था. इसी दौरान रात 11 बजे उसने पिता के फोन नंबर पर फोन किया और अपनी मां से बात करने की इच्छा जताई, लेकिन पिता ने इकलौते पुत्र बात को अनसुना कर फोन काट दिया और फ्लाइट मोड पर लगाकर गहरी नींद में सो गए.
सुबह जब उसकी आंख खुली तो गांव के ही एक युवक ने घटना के बारे में जानकारी दी. हीरा सिंह ने अपने बेटे के हत्या की आशंका जताई है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. उसी के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा.
27 साल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र के विजयनगर से भी दु:खद घटना सामने आई है. यहां 27 साल के शुभम विश्वास भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रथम दृष्यता मामला आत्महत्या का लग रहा है. माना जा रहा है कि पति-पत्नी के विवाद के कारण शायद शुभम विश्वास ने ये कदम उठाया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.
परिजनों ने बताया कि शुभम की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व निकिता से हुई थी. दंपति का ढाई साल का एक बेटा भी है. परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा था, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था. इसी विवाद को इस घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
