अगले साल 2027 में नॉर्थ ईस्ट राज्यों में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी में उत्तराखंड खेल विभाग जुट गया है. ताकि, साल 2025 में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान खिलाड़ियों ने जो मुकाम और मेडल हासिल किए थे, उससे ज्यादा संख्या में मेडल 39वें राष्ट्रीय खेलों में भी हासिल कर सकें.
ऐसे में खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाए जाने समेत अन्य सुविधाओं को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान मंत्री आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय खेल की तैयारियों की कार्ययोजना तैयार करें. ताकि, खिलाड़ियों को जल्द से जल्द प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया जा सके.
वही, खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि साल 2027 में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों के तैयारियों की पूरी कार्ययोजना अगले 24 घंटे में तैयार करें. इसके साथ ही खिलाड़ियों को गहन प्रशिक्षण देने और तमाम खेल संघों के साथ समन्वय बनाकर तैयारी करने का कहा है.
इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों से पहले विभिन्न खेलों की नेशनल चैंपियनशिप ज्यादा से ज्यादा संख्या में उत्तराखंड में आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं. इतना ही नहीं मेघालय समेत अन्य नॉर्थ ईस्ट राज्यों के पास अगर साइकिलिंग, शूटिंग जैसे खेलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी हो तो उन्हें इसकी सुविधा उत्तराखंड में देने पर विचार करने को कहा गया है.
वहीं, बैठक के दौरान हल्द्वानी की गौलापार में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की तैयारी की भी समीक्षा की गई. कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि जुलाई से शैक्षिक सत्र शुरू करने के लिए आवश्यक करिकुलम कमेटी और परिनियमावली कमेटी बना दी गई है. साथ ही पद सृजित करने की प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं.
खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी के मामले में खेल विभाग चाहता है कि खेल विभाग में ही ज्यादा से ज्यादा पद सृजित किए जाएं. साथ ही इस दिशा में जल्द से जल्द कार्रवाई किए जाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं.
इसके अलावा मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और संविदा प्रशिक्षक नीति के शासनादेश में भी कुछ संशोधन करने के निर्देश दिए हैं, जिससे कि इन योजनाओं के वास्तविक लक्ष्यों को तेजी से हासिल करने में मदद मिल सके.
