उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 मार्च तक के मौसम का जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार 8 मार्च रविवार से मौसम बदलने वाला है. आज और कल राज्य में मौसम शुष्क रहेगा. 8 मार्च से 11 मार्च तक राज्य के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 8 मार्च को उत्तराखंड के तीन जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी. गर्जना के साथ बिजली चमकेगी. 4000 मीटर या उससे ज्यादा ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ भी गिरेगी. राज्य के बाकी 10 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.
सोमवार 9 मार्च को बारिश और बर्फबारी के लिहाज से दो और जिले जुड़ जाएंगे. इस दिन राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. 9 मार्च के राज्य के 3800 मीटर और इससे ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी होगी.
मंगलवार 10 मार्च को भी बारिश और बर्फबारी का यही पैटर्न रहेगा. इस दिन उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है. बर्फबारी 3800 मीटर और उससे ऊंचाई वाले इलाकों में होगी. 11 मार्च को भी 10 मार्च जैसा ही मौसम रहेगा.
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में उत्तराखंड के मैदानी इलाके में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक से लेकर अत्यंत अधिक और पर्वतीय इलाकों में सामान्य से काफी अधिक से लेकर अत्यंत अधिक रहा. इसके साथ ही बताया गया है कि अगले 2 से 3 दिन में उत्तराखंड में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.
अगले महीने से उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है. चारों धामों में इस समय कड़ाके की ठंड है. उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम में इस समय अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान माइनस यानी -1° सेल्सियस और -10° सेल्सियस हैं.
उत्तरकाशी जिले में ही स्थित यमुनोत्री धाम में अधिकतम तापमान 6° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -3° सेल्सियस है. केदारनाथ धाम में अधिकतम तापमान फ्रीजिंग प्वाइंट से सिर्फ 1 डिग्री ऊपर है. यहां अधिकतम तापमान 1° सेल्सियस और न्यूनतम तापमान -8° सेल्सियस है. दरअसल केदारनाथ से लगकर मंदाकिनी नदी बहती है. ये नदी पहाड़ से पिघले बर्फ से ठंडक लेकर आती है.
बदीरनाथ धाम का हाल भी केदारनाथ जैसा ही है. यहां अधिकतम तापमान 1° सेल्सियस और न्यूनतम तपमान -7° सेल्सियस है. बदरीनाथ धाम अलकनंदा नदी के तट पर है. अलकनंदा सतोपंथ ग्लेशियर की बर्फ की ठंडक लेकर आती है.
