उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है. वहीं हरिद्वार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. वहीं हरिद्वार नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी एक अज्ञात वाहन ने मजदूर को कुचल दिया. मृतक की पहचान संजय पुत्र पुत्र भगवान सिंह निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई. मृतक टिहरी गढ़वाल में मजदूरी करता था और घर लौटते वक्त अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया. घटना के बाद पुलिस पड़ताल में जुट गई है.
होली वाले हरिद्वार में दो बड़े सड़क हादसे हुए. पहला हादसा हरिद्वार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीचूर फ्लाईओवर पर हुआ. यहां एक बाइक और स्कूटी के बीच आमने सामने की टक्कर हो गई. हादसे में ज्वालापुर निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. मौके पर जमा भीड़ को नियंत्रित कर यातायात को सुचारू कराया गया. एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
दूसरी ओर हरिद्वार नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने मजदूर को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही मजदूर संजय की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक संजय टिहरी गढ़वाल में मजदूरी करता है और अपने साथियों के साथ बिजनौर जा रहा था. श्यामपुर के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी और फरार हो गया. सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है. अभी मृतकों के परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है. घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है.
