पिथौरागढ़ सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत के बाद जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने अधिकारियों के साथ आपातकालीन कोर कमेटी की बैठक ली. बैठक में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में जहां डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली तो वहीं इस हादसे के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए.
बैठक के बाद डीएम विनोद गोस्वामी जिला हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात. इस दौरान डीएम ने घायलों का हाल जाना तो वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए. मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विस्तार से डीएम को घायलों के उपचार की जानकारी दी.
जिलाधिकारी ने घायलों और उनके परिजनों को भरोसा दिया कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. उन्होंने दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा संकेतक और साइन बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए. साथ ही पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने व सड़क सुरक्षा नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार की बात कही. साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए मजिस्ट्रियल इंक्वायरी के आदेश भी दिए है.
बता दें कि मंगलवार 15 जुलाई को थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में मुवानी के पास यात्रियों से भरा मैक्स वाहन खाई में गिर गया. इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी. वहीं 6 गंभीर रूप से घायल है, जिनका जिला हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है.
मृतकों की सूची-
- सिमरन पुत्री कुंदन सिंह (उम्र 8 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- तनुजा पुत्री चंद्र सिंह (उम्र 15 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- विनीता पुत्री चंद्र सिंह (उम्र 14 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- नरेंद्र सिंह पुत्र चंद्र सिंह (उम्र 40 वर्ष) वाहन चालक, निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- राजेंद्र सिंह पुत्र किशन सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- होशियार सिंह पुत्र भीम सिंह (उम्र 65 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- शांति देवी पुत्री केशर राम (उम्र 50 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
- दिकभा पत्नी पंकज सिंह (उम्र 28 वर्ष), निवासी- बोकटा, पिथौरागढ़
